आज कुछ शाश्वत लिखूंगा !

April 7, 2009 by mahabalishaka
…………
आज कुछ शाश्वत लिखूंगा !
 
क्षणिकाएं अब भाती नहीं,
लघु-काव्य की रचना आती नहीं,
नाटिका की जब बात छेड़ो तो,
अन्यमनस्क सा दिखूंगा !
आज कुछ शाश्वत लिखूंगा !!
 
प्रतिक्षण तप्त विचार संकलित,
ज्वाजल्यमान संवेग समाहित,
जयशंकर शैली का साहित्य
आत्म-तुष्टि से सीखूंगा !
आज कुछ शाश्वत लिखूंगा !!
  
विषय-वार्ता गली गली ,
युग-सृजक  हैं ‘महाबली’,
नई धारा की चर्चा हो तो,
सप्तम स्वर में चीखूंगा !
आज कुछ शाश्वत लिखूंगा !! 
 

बुढापा !

December 2, 2007 by mahabalishaka

खुली खिड़की, फड़फड़ाते पन्ने
गर्म चाय की ठन्ढी भाप,
वर्तमान हैं,सभी अतीत के,
कहे-सुने शब्दों के ताप !

समय की चादर सरक-सरक कर,
घुटनों तक आ ठहरी है,
यौवन के कुछ एक पलों की
चोट अभी भी गहरी है !

जीवन के रफ्तार से पिछड़ी
भावुकता की ओछी सोच,
दो पैरों के उपर सम्भला,
चन्द क्षणिक सासों का बोझ !

बच्चे जो बड़े हो गए !

November 27, 2007 by mahabalishaka

बच्चे जो बड़े हो गए !
जीवन की अभिव्यक्ति को,
जठारानल की तृप्ति को,
अपने पैरो पे खडे हो गए ! 

बचपन क्या, मनमानी क्या ?
पढ़ने में आनाकानी क्या ?
कहाँ कथाएं परियों की,
दादी क्या और नानी क्या ?
स्वप्न-लोक के द्वार को छूने,
सड़क पे पड़े-पड़े सो गए !
बच्चे जो बड़े हो गए !

शोक नहीं,मुस्कान नहीं,
भावुकता का ज्ञान नहीं !
निरुद्देश्य जीवन के पथ पे
चले शरीर, पर प्राण नहीं !
वृहद् सृष्टि के, सुक्ष्म पलों में
भाव-विहीन गड़े खो गए !
बच्चे जो बड़े हो गए !

जय महाबली !!

November 27, 2007 by mahabalishaka

प्रारंभ हुआ दारुण जगत के,
लेखनी से संबोधन का !
विकल समष्ठी के प्रारंभिक
हास्य-रथ आरोहन का !

वर्षा विगत शरद ऋतू आयी,
नीरस नपुंसक सलिल चली !
व्यंग्य-कीट के क्लिष्ट कुसंग से,
समर में उतरे महाबली !